कटनी बस स्टैंड और मैकेनिक लाइन की बदहाली पर फूटी महापौर की नाराज़गी, जिम्मेदारों को लगाई फटकार!

न्यूज़ वॉइस ऑफ़ इंडिया

कटनी। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को शहर के बस स्टैंड और मैकेनिक लाइन क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की खस्ताहाल स्थिति और फैली अव्यवस्थाओं को देखकर महापौर ने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष (शिब्बू) साहू, डॉ. रमेश सोनी, बीना बैनर्जी, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, वंदना राजकिशोर यादव एवं पूर्व पार्षद कमलेश चौधरी भी उपस्थित रहे।

बस स्टैंड की हालत पर जताई चिंता

महापौर श्रीमती सूरी ने निरीक्षण के दौरान कहा कि बस स्टैंड किसी भी नगर के विकास का प्रतिबिंब होता है, जहाँ से प्रतिदिन हजारों यात्री गुजरते हैं। यहाँ की गंदगी और अव्यवस्था नगर की छवि को प्रभावित करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र की नियमित सफाई की जाए और अनावश्यक पड़े कबाड़ को तत्काल हटाया जाए।

व्यवसायियों से किया संवाद, सड़क निर्माण का मिला आश्वासन

मैकेनिक लाइन में महापौर ने स्थानीय व्यवसायियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। दुकानदारों ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों और सफाई की समस्या से अवगत कराया। इस पर महापौर ने लोक निर्माण विभाग के उपयंत्री को फोन पर निर्देश देते हुए सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए।

सहयोग की अपील भी की

महापौर ने व्यवसायियों से अपील की कि वे अपने दुकानों का कचरा डस्टबिन में ही डालें और निगम के कचरा वाहन को ही सौंपें। इसके साथ ही अनुपयोगी कबाड़ और पुराने वाहन सार्वजनिक स्थलों पर न रखें ताकि क्षेत्र की सुंदरता और स्वच्छता बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

इस निरीक्षण के दौरान नगर निगम के प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक समेत अन्य स्वास्थ्य एवं अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING