न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया
कटनी, 04 अगस्त।आजादी की 78वीं वर्षगांठ को गरिमामय और जनभागीदारी से पूर्ण बनाने के उद्देश्य से कटनी जिले में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने इस अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिलेभर के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
तीन चरणों में चलेगा अभियान 8 अगस्त
पहला चरण देशभक्ति का माहौल और जनजागरण
इस चरण में जनमानस में देशभक्ति का भाव जाग्रत करने हेतु विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें तिरंगा थीम पर आधारित सार्वजनिक चर्चाएं, तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली, राखी निर्माण, बुनाई, प्रश्नोत्तरी, स्वयं सेवा कार्यक्रम, सजावट, सैन्य बलों को पत्र लेखन जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
दूसरा चरण (9 से 12 अगस्त): तिरंगा महोत्सव और जन सहभागिता
इस चरण में व्यापक जन सहभागिता के साथ तिरंगा यात्रा, तिरंगा मेला, बाइक और साइकिल रैली, तिरंगा गान, मानव श्रृंखला, ध्वज वितरण और बिक्री जैसे कार्यक्रम होंगे। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगे की अधिकतम दृश्यता सुनिश्चित की जाएगी।
तीसरा चरण (13 से 15 अगस्त): हर घर और वाहन पर तिरंगा
इस अंतिम चरण में हर घर, कार्यालय और वाहन पर तिरंगा फहराया जाएगा। नागरिकों को तिरंगा के साथ सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही संस्कृति मंत्रालय के साथ सतत सूचना आदान-प्रदान किया जाएगा और तिरंगे की व्यापक दृश्यता सुनिश्चित की जाएगी।
पंचायत स्तर पर होंगे विशेष आयोजन
कलेक्टर दिलीप यादव ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में सामुदायिक सफाई, जल संरक्षण, जागरूकता कार्यक्रम, परिसंपत्तियों की सफाई और अमृत सरोवर सहित प्रमुख स्थलों पर ध्वजारोहण जैसे आयोजन होंगे।
सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान में स्थानीय संस्थाएं, ग्राम जल सेवा समितियां, स्वयं सहायता समूह, पंचायती राज संस्थाएं, स्कूलों के बच्चे, स्वयंसेवक और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं और इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दें।





