
कटनी, न्यूज़ वॉइस ऑफ़ इंडिया/ नगर निगम कटनी और विजन समूह के संयुक्त तत्वावधान में आज झिंझरी स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “प्रोजेक्ट तरु – हर रविवार पौधारोपण” अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की उपस्थिति में 500 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं था, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता फैलाना भी रहा। नीम, शीशम, करंज सहित कई छायादार और फलदार पौधों को पुलिस ग्राउंड के चारों ओर रोपा गया। रोपण के साथ ही संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
महापौर श्रीमती सूरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “पेड़-पौधे न केवल जीवन का आधार हैं, बल्कि यह शुद्ध वायु प्रदान कर हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं। विजन समूह द्वारा हर रविवार चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत सराहनीय है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सहभागी बनना चाहिए।”
पौधारोपण के पश्चात, उपस्थित छात्र-छात्राओं, पर्यावरण प्रेमियों और निगम कर्मियों ने मिलकर पुलिस ग्राउंड परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया। इस अवसर पर लोगों ने एकजुट होकर न सिर्फ हरियाली को बढ़ावा दिया, बल्कि स्वच्छ भारत अभियान को भी मजबूती प्रदान की।
उल्लेखनीय उपस्थिति:
इस अवसर पर जिला कमांडेंट राजेन्द्र बधेल, विजन समूह प्रमुख एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर आशुतोष मानके, अजय पांडेय, सनातन तिवारी, अखिलेश मिश्रा, सुश्री प्रत्यूषा पांडेय, आस्था सेन, तपस्या सेन सहित कई पर्यावरण प्रेमी और नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।







