कटनी, 18 जुलाई 2025/ न्यूज़.वॉइस.ऑफ़.इंडिया पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के अंतर्गत थाना रंगनाथनगर पुलिस ने बीते दो दिनों में तीन अलग-अलग मामलों में अपह्रत व गुमशुदा बालक-बालिकाओं को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है। इस कार्यवाही ने न केवल पुलिस की तत्परता को सिद्ध किया है, बल्कि परिजनों को भी बड़ी राहत दी है।
प्रथम मामला (14/07/2025): बालक पहुँचा सुल्तानपुर (उ.प्र.)
फरियादी कृष्ण कुमार सिंह, निवासी राजीव गांधी वार्ड, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका 15 वर्षीय पुत्र विद्यालय जाने के बाद से लापता है।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक नवीन नामदेव के नेतृत्व में टीम गठित कर रेलवे स्टेशनों, मंदिरों, व अन्य संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की गई।
पुलिस की सतर्कता से जानकारी मिली कि बालक गलती से ट्रेन में बैठकर सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) पहुंच गया था। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने परिजनों की मदद से उसे सकुशल बरामद कर सुपुर्द कर दिया।
द्वितीय मामला (23/03/2025): जबलपुर से बरामद हुई अपह्रत किशोरी
फरियादिया नीतू कोल, निवासी बावली टोला, ने 16 वर्षीया बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता (सायबर सेल) और निरंतर प्रयास से अपह्रत बालिका का पता सर्सवा पनाकर, जिला जबलपुर में लगाया।टीम ने मौके पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा।
तृतीय मामला: छिंदवाड़ा से मिली गुमशुदा बालिका
फरियादिया शबनम बेगम, निवासी बरगवां चंदी की दफाई, ने अपनी बालिका की गुमशुदगी की सूचना दी थी। कड़ी मशक्कत और साइबर ट्रेसिंग के बाद बालिका कोतवाली क्षेत्र छिंदवाड़ा में दस्तयाब की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए उसे सुरक्षित परिजनों को सौंपा।
प्रशंसनीय पुलिस टीम
इस सफल और संवेदनशील कार्यवाही में निम्न पुलिसकर्मियों की उल्लेखनीय भूमिका रही:
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन नामदेव
उप निरीक्षक राजेश दुबे
सहायक उप निरीक्षक बहादुर सिंह
प्रधान आरक्षक पवन पाठक
महिला आरक्षक रुचिका अग्रहरि
सायबर सेल प्रभारी आरक्षक प्रशांत विश्वकर्मा
आरक्षक अजय शंकर
स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने जताया आभार
इस त्वरित और सटीक कार्रवाई के लिए परिजनों सहित स्थानीय नागरिकों ने रंगनाथनगर पुलिस की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ऐसे ही प्रयासों से समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।







