
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत अमराडार मोड़ के पास शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि तीनों युवकों की घटना स्थल पर ही मौत होना बताई जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक , तेज़ रफ्तार ट्रक (क्रमांक MP21-H-1596) ने बाइक (MP35-MG-3106) को सामने से जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक ट्रक के नीचे जा घुसी और तीनों युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक रोहनिया शाहनगर के रहने वाले थे और कटनी से अपने घर लौट रहे थे।
मृतकों की उम्र लगभग 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश भी जारी है।






