
कटनी। जिले में पारधी समुदाय के कुछ ठिकानों पर आपराधिक गतिविधियों की आशंका के चलते पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर बड़ी कार्यवाही की गई। जिलेभर में मौजूद पारधियों के डेरों पर एएसपी डॉ.संतोष डेहरिया के एवं सीएसपी नेहा पच्चीसीया के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीमों द्वारा एक साथ सघन सर्च अभियान चलाया गया।
तीन टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में की गई कार्यवाही
कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदुआ मदार टेकरी में कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में टीम-1 द्वारा सर्च अभियान चलाया गया यहाँ पारधियों के 32 घर चिह्नित किए गए, जिनमें से 17 घर बंद मिले।
माधव नगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में टीम-2 ने क्षेत्र के स्कूलों और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की।
एनकेजे थाना प्रभारी अनिल यादव की अगुवाई में टीम-3 ने पटेहरा क्षेत्र में दबिश दी, जहाँ 15 पारधी परिवारों की बस्ती है। इनमें से 13 घर लंबे समय से बंद पाए गए।
खुले घरों का किया गया वेरिफिकेशन:
जिन घरों के दरवाजे खुले मिले, वहाँ निवासरत व्यक्तियों का वेरिफिकेशन कर नाम सरकारी प्रोफार्मा में दर्ज किया गया।
पुलिस की समझाइश – “अपराध छोड़ें, शिक्षा अपनाएं”:
पुलिस ने इस दौरान पारधी समाज के लोगों को समझाइश दी कि वे अपराध का रास्ता छोड़कर बच्चों को शिक्षा दें, जिससे समाज की मुख्यधारा में जुड़कर एक सम्मानजनक जीवन जी सकें।
कटनी पुलिस की यह कार्यवाही न सिर्फ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक कदम है, बल्कि समाज के वंचित वर्ग को मुख्यधारा में लाने का प्रयास भी है।









