



कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले में कानून व्यवस्था को सशक्त बनाने और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने हेतु एक सराहनीय पहल की शुरुआत की है। इस पहल के अंतर्गत हर सप्ताह उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगद एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जा रहा है।
माह जून के प्रथम सप्ताह में निम्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए पुरस्कृत किया गया:
प्रधान आरक्षक राजकुमार शर्मा (थाना एनकेजे)
चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी, तीन स्थाई वारंट की तामीली एवं गुम इंसान को दस्तयाब करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
प्रधान आरक्षक अवधेश मिश्रा (थाना बाकल)
अन्य राज्य से गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी में सफल प्रयासों के लिए प्रशंसा प्राप्त की।
प्रधान आरक्षक अरविंद गर्ग (थाना विजयराघवगढ़)
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण में महती भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किए गए।
आरक्षक विनोद गायकवाड (थाना कैमोर)
एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया।
आरक्षक अमन सिंह (थाना रीठी)
सर्वाधिक समन/वारंट तामील करने में विशेष रुचि व तत्परता दिखाने पर सम्मानित किए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने इस अवसर पर कहा कि “ऐसे प्रयासों से पुलिस बल में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और कार्य के प्रति समर्पण की भावना उत्पन्न होती है। यह पहल भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।”
यह नई पहल न केवल विभागीय कर्मियों के मनोबल को बढ़ावा दे रही है, बल्कि आम जनता में भी पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत कर रही है।