



कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वाले 16 लोगों से कुल 3200 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
जोन क्रमांक 3 में 7 लोगों से 1400 रुपए तथा जोन क्रमांक 4 में 9 लोगों से 1800 रुपए का जुर्माना वसूलते हुए यह राशि निगम कोष में जमा कराई गई। इससे पूर्व शुक्रवार को 6 लोगों पर 1500 रुपए का जुर्माना लगाया गया था। अब तक कुल 5700 रुपए का जुर्माना गंदगी फैलाने वालों पर लगाया जा चुका है।
नगर निगम द्वारा लगातार नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे अपने घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को डस्टबिन में रखें और उसे निगम के कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपें।
नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे ने नागरिकों से सफाई व्यवस्था में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ बनाए रखने में हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
नगर निगम द्वारा वार्ड स्तर पर सफाई दरोगाओं को सख्ती बरतने और सार्वजनिक स्थलों को गंदगी मुक्त बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का यह अभियान स्वच्छ और सुंदर कटनी के निर्माण की दिशा में एक अहम कदम है।