
बैतूल। बैतूल जिले नगर परिषद शाहपुर में केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके के सामने एक कार्यक्रम में महिला ने आवास ना मिलने को लेकर जमकर हंगामा कर दिया। महिला आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास नहीं मिलने से काफी नाराज़ थी। महिला ने केंद्रीय मंत्री के सामने मौजूद नेताओ को खरी खोटी सुना डाली।
बहरहाल पीठित महिला को केंद्रीय राज्यमंत्री के सामने हंगामा करता देख मौजूद लोगों ने महिला को कड़ी मशक्कत के बाद शांत करवाया।
बतादे की शाहपुर नगर परिषद में भूमि पूजन एवं पट्टा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री डीडी उईके और घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके कार्यक्रम शामिल हुए थे।
उक्त कार्यक्रम के दौरान गीता बाई नाम की महिला ने प्रधानमंत्री आवास नहीं मिलने और आवासीय पट्टा सहित शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलने को लेकर मंत्री के सामने ही हंगामा खड़ा कर दिया। महिला के अनुसार उसने नपा में कई बार आवेदन किया लेकिन परिषद के लोग उसके आवेदन को कचरे की गाड़ी में डाल देते है। इस तरह के आरोप महिला ने मंत्री के सामने ही लगा दिए और कहा की वोट लेने हाथ जोड़कर आते है बाद में कोई सुनवाई नहीं करते है।
इस पूरे मामले में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि महिला की शिकायत पर अधिकारियों से संपूर्ण जानकारी ली जाएगी और उसे सरकारी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।







