कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद खनिज विभाग–पुलिस की संयुक्त छापेमारी, अवैध परिवहन पर कसी नकेल

newsvoiceofindia/

कटनी | जिले में अवैध उत्खनन और रेत के गैरकानूनी परिवहन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के कड़े निर्देशों के बाद जिला टास्क फोर्स की सक्रियता तेज हो गई है। इसी क्रम में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती रात तहसील बड़वारा के मझगवां क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

टीम ने छापेमारी करते हुए रेत का अवैध परिवहन कर रहे दो डंपरों को जब्त किया है। बरही तिराहा पर रोके गए एक बिना नंबर के डंपर का चालक न तो वाहन के वैध दस्तावेज पेश कर सका और न ही खनिज परिवहन से संबंधित कोई रॉयल्टी।

वहीं मझगवां बायपास पर पकड़े गए दूसरे डंपर में ई-ट्रांजिट पास में दर्ज मात्रा से कहीं अधिक रेत पाई गई।
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि दोनों मामलों में अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल जब्त किए गए दोनों डंपरों को सुरक्षा की दृष्टि से कुठला थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में वर्तमान में केवल तीन चिन्हित स्थानों से पूर्व भंडारित रेत के उठाव की अनुमति है, जबकि मुख्य आपूर्ति उमरिया जिले की खदानों से की जा रही है।

प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि अवैध रेत कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING