
जबलपुर। यात्रियों की सुविधा और तत्काल टिकट आरक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे ने नई टोकन वितरण व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 1 अगस्त 2026 से जबलपुर रेल मंडल सहित पश्चिम मध्य रेलवे के सभी आरक्षण केंद्रों पर प्रभावी होगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को बार-बार आरक्षण कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नई व्यवस्था के अनुसार एसी तत्काल टिकट के लिए टोकन सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक वितरित किए जाएंगे, जबकि नॉन-एसी तत्काल टिकट के लिए टोकन 9:00 बजे से 9:30 बजे तक दिए जाएंगे।
प्रत्येक आरक्षण काउंटर पर एसी श्रेणी के लिए 10 और नॉन-एसी श्रेणी के लिए 15 टोकन जारी किए जाएंगे। हालांकि, यात्रियों की संख्या और भीड़ को देखते हुए टोकनों की संख्या बढ़ाई या घटाई जा सकेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि स्वयं या अपने परिवार के सदस्यों के लिए तत्काल टिकट लेने वाले यात्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए आधार कार्ड या रेलवे द्वारा मान्य फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अन्य यात्रियों को भी आवश्यक पहचान दस्तावेजों के आधार पर टोकन जारी किए जाएंगे।नई व्यवस्था के तहत जारी किए जाने वाले सभी टोकन पूरी तरह अहस्तांतरणीय (Non-Transferable) होंगे। यानी जिस व्यक्ति के नाम टोकन जारी होगा, वही टिकट प्राप्त करने का पात्र होगा। रेलवे ने यह भी बताया कि टोकन वितरण का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और अवैध दलालों यानी टाउट्स की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके सभी आरक्षण केंद्रों पर टोकन वितरण की पूरी प्रक्रिया हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही रेलवे अधिनियम की धारा 143(1) और 143(2) से संबंधित जानकारी भी यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की भी मदद ली जाएगी।
पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें और केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट प्राप्त करें, ताकि सभी यात्रियों को निष्पक्ष और पारदर्शी सेवा मिल सके।






