
कटनी/बरही। सोमवार दोपहर बरही नगर के वार्ड क्रमांक 15 हीरापुर स्थित खेतों में अचानक तेंदुए के घुस आने से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और सर्चिंग अभियान शुरू किया।
खेतों में मिले तेंदुए के पगमार्क
रेहमत अली के खेत में तेंदुए के घुसने की सूचना के बाद वन अमले ने आसपास के खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाया। तेंदुआ तो नजर नहीं आया, लेकिन खेतों और मेड़ों पर कई जगह उसके पगमार्क स्पष्ट रूप से मिले। इससे स्पष्ट है कि तेंदुआ लगातार इस इलाके में आवाजाही कर रहा है।
किसानों को चेतावनी
रेंजर शुक्ला ने बताया कि पगमार्क मिलने के बाद ग्रामीणों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि किसान अभी खेतों से दूरी बनाए रखें और अकेले खेतों में न जाएं। डिप्टी रेंजर पंकज त्रिवेदी ने जानकारी दी कि बीते तीन दिनों से तेंदुआ इस क्षेत्र में सक्रिय है। रविवार को किनोरे गाँव में उसके हमले से कुछ मवेशी भी घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
लगातार तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग देर शाम और रात के समय खेतों की ओर जाने से परहेज़ कर रहे हैं। वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे बच्चों और मवेशियों को अकेले खेतों में न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें।







