“रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जांच का बड़ा एक्शन! जबलपुर, कटनी और पिपरिया में तीन खानपान इकाइयां तत्काल बंद”

जबलपुर/कटनी/पिपरिया/। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जबलपुर रेल मंडल ने सख्त रुख अपनाया है। खानपान इकाइयों में अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा के नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ रही है। जबलपुर, कटनी और पिपरिया रेलवे स्टेशन पर औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तीन खानपान इकाइयों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद रेलवे की अन्य वाणिज्यिक इकाइयों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

दरअसल, यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए जबलपुर रेल मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों पर संचालित खानपान एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के निर्देशन में नवागत सहायक वाणिज्य प्रबंधक वासुदेव सरकार ने वाणिज्य विभाग की टीम के साथ जबलपुर रेलवे स्टेशन पर संचालित खानपान इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता, विद्युत वायरिंग, खुले बिजली के तार और अन्य सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर जबलपुर स्टेशन की एक IRCTC इकाई को तत्काल बंद करा दिया गया। वहीं, इसी अभियान के तहत कटनी और पिपरिया रेलवे स्टेशन पर भी एक-एक खानपान इकाई में अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराया गया। यानी तीन रेलवे स्टेशनों पर तीन इकाइयों पर सीधी कार्रवाई की गई है।रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल तीन स्टेशनों तक सीमित नहीं रहेगा। मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी वाणिज्य निरीक्षकों और सुपरवाइजरों की अलग–अलग टीमें गठित कर जांच कराई जा रही है।

इस अभियान में खानपान स्टॉल, कैटरिंग यूनिट, फूड प्लाजा, जन आहार, पार्सल कार्यालय सहित अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी संबंधित इकाइयों का गहन निरीक्षण पूरा किया जाए। साथ ही जहां भी अग्नि सुरक्षा या विद्युत सुरक्षा में गंभीर लापरवाही मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING