
कटनी। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ कथित अभद्रता के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। घटना के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन सुबह 12 बजे से रात आठ बजे तक जारी रहा बताया जा रहा है ताजा घटनाक्रम में आक्रोशित अधिवक्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया तालाबंदी के चलते नगर निगम परिसर के भीतर मौजूद महिला कर्मचारियों और अपने निजी एवं शासकीय कार्यों से पहुंचे आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्य गेट बंद होने के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए।
वहीं, नगर निगम कार्यालय के बाहर अधिवक्ताओं का धरना और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम जारी है इस दौरान प्रदर्शन स्थल स्थानीय विधायक संदीप जायसवाल भी पहुंचे अधिवक्ताओं से बात कर कार्यवाही का आश्वासन दिया लेकिन अधिवक्ता नहीं माने तत्काल कार्यवाही करने एवं मौके पर कलेक्टर कटनी या नगर निगम कमिश्नर को बुलाने की बात की मौके पर महापौर श्रीमती प्रीति सूरी भी पहुंची इसके बाद भी अधिवक्ता नहीं माने।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। ऐसी तनावपूर्ण स्थिति में केवल कार्यालय में बैठकर हालात पर नजर रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अधिकारियों का मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना और अंदर फंसे कर्मचारियों एवं नागरिकों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करना जरूरी है।
हालांकि, मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन अधिवक्ताओं से बातचीत कर इस गतिरोध को समाप्त कराने और आम नागरिकों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।








