
कटनी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत 20 नवंबर को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कटाएघाट पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
कटनी के कटाएघाट में 20 नवंबर को मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में शामिल होने वाले वर-वधुओं और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मंगलवार को निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, वर-वधुओं, उनके परिजनों और अतिथियों के लिए बैठक व्यवस्था, मंच, विवाह बेदी एवं पूजन स्थलों का निरीक्षण किया।
निगमायुक्त ने मैदान का समतलीकरण, टेंट एवं मंच व्यवस्था, साफ–सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां निर्धारित समय–सीमा में पूरी की जाएं।
निगमायुक्त ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी आयोजन है। इसलिए प्रत्येक हितग्राही और उनके परिजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।








