
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में हुई करीब 12 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। कोलकाता से गिरफ्तार किए गए आरोपी बदरुद्दीन खान से पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, झारखंड के साहिबगंज निवासी अब्जुल इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड है। हालांकि, करोड़ों रुपये के चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी अब भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
ऑटो से रेलवे स्टेशन पहुंचे, दानापुर एक्सप्रेस से प्रयागराज हुए फरार
पुलिस पूछताछ में आरोपी बदरुद्दीन खान ने वारदात के बाद फरार होने का पूरा घटनाक्रम बताया है। जानकारी के मुताबिक, चोरी को अंजाम देने के बाद गिरोह के सभी सात सदस्य शोरूम से बाहर निकले और एक ऑटो के जरिए कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद सभी दानापुर एक्सप्रेस में सवार होकर प्रयागराज पहुंचे। स्टेशन पर उतरने के बाद आरोपियों ने अलग-अलग रास्ते पकड़ लिए और फरार हो गए।
सात सदस्यीय गिरोह, छह आरोपी साहिबगंज के निवासी
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि सात सदस्यीय गिरोह के छह सदस्य झारखंड के साहिबगंज जिले के रहने वाले हैं। गिरोह के कथित सरगना अब्जुल की तस्वीर भी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस अब उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
चार विशेष टीमें, कई राज्यों में लगातार दबिश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में मिल रही प्रत्येक जानकारी का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है। फरार सरगना अब्जुल सहित गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी गए करोड़ों के आभूषणों की बरामदगी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गई हैं।
ये टीमें प्रयागराज, झारखंड के साहिबगंज और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
फिलहाल, इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 12 करोड़ रुपये के कीमती आभूषण कहां छिपाए गए हैं और गिरोह के बाकी सदस्य कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे। अब देखना होगा कि पुलिस इस अंतरराज्यीय गिरोह के बाकी सदस्यों तक कब पहुंचती है और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी कब तक हो पाती है।






