
कटनी। शहर के गायत्री नगर स्थित रेल अंडरपास इन दिनों आम नागरिकों के लिए परेशानी और हादसों का सबब बना हुआ है। अंडरपास के दोनों ओर सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव के कारण यहां से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं है। हालात यह हैं कि रोजाना स्कूली बच्चे, दोपहिया वाहन चालक और आम नागरिक खराब सड़क के चलते गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान अब तक इस गंभीर समस्या की ओर नहीं गया है।
हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी रोजाना अपने वाहनों से गुजरते हैं, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति और गड्ढों से आम लोगों को हो रही परेशानी शायद उन्हें दिखाई नहीं देती। मीडिया में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।वहीं, नालंदा स्कूल के सामने करीब एक वर्ष पहले बनाई गई डामर सड़क की हालत भी बदतर हो चुकी है। पहली ही बारिश में सड़क जगह-जगह उखड़ गई और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। इन गड्ढों को भरने के लिए मलबा डाला गया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद सड़क फिर अपनी पुरानी स्थिति में पहुंच गई। ऐसे में सड़क निर्माण की गुणवत्ता और संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही पर भी सवाल उठ रहे हैं।
रेल अंडरपास के बाहर नाली का पानी जमा होने से सड़क लगातार खराब हो रही है। इस संबंध में रेलवे के जिम्मेदार अधिकारी यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं कि रेलवे के रिकॉर्ड में यह मार्ग पानी निकासी के नाले के रूप में दर्ज है।
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि यदि यह अंडरपास केवल पानी निकासी के लिए बनाया गया है, तो इसके ठीक बगल में दूसरा नया अंडरपास किस उद्देश्य से बनाया गया? क्या पानी की निकासी के लिए एक अंडरपास पर्याप्त नहीं था? और यदि इस मार्ग से हजारों लोगों की आवाजाही हो रही है, तो फिर इसकी बदहाली को दूर करने की जिम्मेदारी किसकी है?
अब सवाल यह है कि क्या रेलवे प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? आखिर कब तक स्कूली बच्चे और आम नागरिक इस बदहाल रास्ते पर जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर रहेंगे?
स्थानीय लोगों की मांग है कि रेलवे और संबंधित विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करें, सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराएं और नालंदा स्कूल के सामने बनी सड़क की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करें।








