इंजीनियर से साहित्यकार तक का सफर! बिहारी लाल बेन की पुस्तक ‘अन्तर्मन का प्रवाह’ का विमोचन, संजय पाठक ने की सराहना”

कटनी। कहते हैं कि प्रतिभा और सृजन की कोई उम्र नहीं होती। इंसान जब अपने अनुभवों को शब्दों में पिरोता है, तो वह साहित्य के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का प्रयास करता है। कुछ ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है कटनी के बिहारी लाल बेन की, जिन्होंने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में लंबा सेवाकाल पूरा करने के बाद अब साहित्य की दुनिया में अपनी नई पहचान बनाई है। सेवानिवृत्त इंजीनियर बिहारी लाल बेन द्वारा लिखित पुस्तक ‘अन्तर्मन का प्रवाह’ का विमोचन मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने किया। इस अवसर पर साहित्यप्रेमियों, गणमान्य नागरिकों और लेखक के परिजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

पुस्तक विमोचन के दौरान पूर्व मंत्री संजय सत्येंद्र पाठक ने लेखक को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की साहित्यिक कृतियां समाज को आत्ममंथन और सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित करती हैं। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में व्यक्ति स्वयं से संवाद करना भूल जाता है। ऐसे में ‘अन्तर्मन का प्रवाह’ जैसी पुस्तक पाठकों को रुककर अपने भीतर झांकने और जीवन को नए नजरिए से समझने का अवसर प्रदान करेगी।

 

लेखक बिहारी लाल बेन ने बताया कि इस पुस्तक में उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों, विचारों और भावनाओं को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का प्रयास किया है। यह पुस्तक केवल पढ़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि पाठकों को आत्मचिंतन, आत्मबोध और जीवन के विभिन्न पहलुओं पर गहराई से विचार करने के लिए प्रेरित करती है।

कुठला के छोटे से गांव से मुंबई तक का सफर

बिहारी लाल बेन की जीवन यात्रा भी अपने आप में प्रेरणादायक है। कटनी के कुठला गांव में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने कटनी के तिलक राष्ट्रीय स्कूल से आगे की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद जबलपुर के शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की।

शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने एचईसीएल बरौनी और हल्दिया में इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियर के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद उनका चयन इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड में हुआ। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न शहरों में कार्य किया और बाद में मुंबई में पदस्थ रहे। लंबी व्यावसायिक यात्रा के बाद सेवानिवृत्ति लेकर अब वे साहित्य सृजन के माध्यम से अपने विचारों को समाज तक पहुंचा रहे हैं।

परिवार के सहयोग को बताया महत्वपूर्ण

पुस्तक प्रकाशन के अवसर पर लेखक ने अपने परिवार और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके भतीजे मनीष ने पुस्तक के आगे और पीछे के आवरण पृष्ठों के चयन एवं सज्जा में सहयोग किया, वहीं बहू कंचन ज्योति ने भावनात्मक रूप से उनका साथ दिया। इसके अलावा अन्य सहयोगियों ने भी पुस्तक को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ‘अन्तर्मन का प्रवाह’ पाठकों को अपने भीतर झांकने, विचारों को समझने और जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING