“एनसीसी कैडेट्स को सफलता का मंत्र: कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने किया युवाओं से संवाद”

कटनी। नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की 32 एमपी बटालियन द्वारा सिलिकोबाइट कटनी डिग्री कॉलेज के रेड फोर्ट कैंपस में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी) में कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने एनसीसी कैडेट्स से संवाद कर उन्हें सफल करियर और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों का स्वागत कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजवेलु, कर्नल विनोद सिंह एवं शिक्षारत्न डॉ. पारस जैन ने किया।

कैडेट्स को संबोधित करते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अथक मेहनत, स्पष्ट लक्ष्य और प्रत्येक कार्य के प्रति एकाग्रता बेहद जरूरी है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं में इन गुणों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों की मेहनत यह तय करेगी कि विद्यार्थी अपने जीवन के अगले 50 वर्ष किस तरह बिताना चाहते हैं। इसलिए युवाओं को वर्तमान समय का सदुपयोग करते हुए पढ़ाई, प्रशिक्षण और अपने भविष्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कैडेट्स से संवाद करते हुए कोलैबोरेटिव लर्निंग यानी सहयोगात्मक एवं सामूहिक सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाता है। इससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं। एसपी ने कहा कि जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है। अनुशासन के साथ ही व्यक्ति अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ–साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी तैयार करता है।

 

कार्यक्रम के अंत में कर्नल राजवेलु ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पीआई इंस्ट्रक्टर, एएनओ स्टाफ एवं प्रशिक्षण स्टाफ सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING