“चार महीने से राशन का इंतजार कर रहे ग्रामीण! महगवा में दो बोरी खाद्यान्न दूसरे के घर पहुंचने पर मचा हंगामा”

कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों को मिलने वाले राशन की व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कहीं पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं मिल रहा, तो कहीं खाद्यान्न की हेराफेरी और चोरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। अधिकारियों के निरीक्षण और निर्देशों के बावजूद व्यवस्था में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है।ताजा मामला ढीमरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम महगवा का है, जहां बुधवार दोपहर राशन दुकान में गरीबों के बीच वितरण के लिए 110 बोरी खाद्यान्न पहुंचा था। बोरियों को दुकान में रखवाने का काम चल रहा था। इसी दौरान आरोप है कि पल्लेदार रंजीत और विकास ने दो बोरी राशन गांव के ही सुरेंद्र यादव के घर में रखवा दीं।

जैसे ही ग्रामीणों को राशन की बोरियां दूसरे के घर में रखे होने की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वे पिछले चार महीने से राशन के लिए परेशान हैं। कई हितग्राही फिंगरप्रिंट लगवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें खाद्यान्न नहीं मिला। ऐसे में जब राशन गांव पहुंचा तो उसमें भी गड़बड़ी किए जाने का आरोप सामने आ गया।चार महीने से राशन वितरण क्यों बंद?

वहीं, मामले में जिला खाद्य अधिकारी रविकांत ठाकुर ने बताया कि ग्राम महगवा में दो बोरी राशन पल्लेदारों द्वारा दूसरे के घर में रखवाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। प्रबंधक की ओर से थाने में चोरी का मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है। खाद्य निरीक्षक को मामले की जांच के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि पिछले चार महीने से ग्रामीणों को राशन का वितरण क्यों नहीं हो रहा है।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर गरीब हितग्राहियों के हिस्से का राशन चार महीने तक क्यों नहीं मिला? राशन दुकान तक पहुंचे खाद्यान्न की दो बोरियां दूसरे के घर कैसे पहुंच गईं? क्या यह महज लापरवाही है या इसके पीछे कोई सुनियोजित गड़बड़ी है? जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING