
कटनी। रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे क्षेत्र में होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी कटनी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर भावना मरावी तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल कटनी विजय गोठरिया के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों से लाखों रुपये का चोरी गया माल बरामद किया है। जीआरपी थाना कटनी में दर्ज अपराध क्रमांक 704/2026 के तहत गिरफ्तार आरोपी अमित सिंह खगार (28 वर्ष) निवासी ग्राम रजबई थाना मझौली जिला जबलपुर तथा शरद उर्फ गोलू झारिया (21 वर्ष) निवासी ग्राम बुढरई थाना मझौली जिला जबलपुर, जो जिला जेल कटनी में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध थे, उन्हें न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य वारदातों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे किए। इसके आधार पर अपराध क्रमांक 649/2026 एवं 679/2026 में चोरी गया सामान बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल, विभिन्न कंपनियों के पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक पीले रंग का थैला, जिसमें कान की मशीन के टूटे हुए हिस्से रखे थे, जब्त किए हैं।
बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 42 हजार 500 रुपये बताई गई है। जीआरपी ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






