
कटनी। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में नगर निगम के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विभागवार कार्यों, शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति, जनहित से जुड़े मामलों तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों, विशेष रूप से 50 एवं 100 दिवस से लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही महापौर जनसुनवाई के लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नामांतरण प्रकरण होंगे ऑनलाइन, राजस्व वसूली पर फोकस
राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने बड़े बकायेदारों से संपर्क कर वसूली बढ़ाने, दुकान किराया समय पर निगम कोष में जमा कराने तथा नामांतरण प्रकरणों को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए। उन्होंने वसूली कार्य में लगे वार्ड प्रभारियों के प्रदर्शन का नियमित मूल्यांकन करने को भी कहा।
अमृत योजना के कार्यों की रोजाना होगी मॉनिटरिंग
अमृत योजना के तहत चल रहे पाइपलाइन विस्तार एवं सीवर कार्यों की समीक्षा के दौरान सागर पुलिया के रेस्टोरेशन कार्य को तीन दिन में पूरा करने की जानकारी दी गई। इस पर निगमायुक्त ने अन्य स्थानों पर भी रेस्टोरेशन कार्य में तेजी लाने और प्रतिदिन प्रगति की फोटोग्राफी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नाले-नालियों एवं खतरनाक स्थलों को वर्षा पूर्व सुरक्षित करने, सड़कों के गड्ढों का पेंचवर्क कराने तथा जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग तक शेष कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश भी दिए।
फायर सेफ्टी और अवैध निर्माणों पर सख्ती
बैठक में होटल, स्कूल, कोचिंग संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की जांच में तेजी लाने, अवैध मैरिज गार्डनों को सील करने, अनुज्ञा विपरीत निर्माण कार्यों की जांच तथा जर्जर भवनों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही न्यायालय, आयोग, सीएम मॉनिटरिंग, सीएम हाउस एवं लोकायुक्त से संबंधित मामलों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
आईएचएचडीपी भवनों की जांच में देरी पर नाराजगी
आईएचएचडीपी आवासों में अनाधिकृत रूप से निवासरत लोगों की जांच की धीमी गति पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश
भीषण गर्मी को देखते हुए नगर में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने बैराज में उपलब्ध जल एवं अन्य स्रोतों से जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करने और जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों की भी समीक्षा की।
तीन दिन में पूरी होगी नालों की सफाई
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि नगर के कई प्रमुख क्षेत्रों में नालों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर कार्य जारी है। इस पर निगमायुक्त ने आगामी तीन दिनों में सभी बड़े एवं छोटे नालों की सफाई पूर्ण करने तथा जल निकासी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बड़े प्रोजेक्टों के लिए तय होगी टाइमलाइन
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने के लिए प्रत्येक मुख्य प्रोजेक्ट की टाइमलाइन निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीपीआर, स्वीकृति तिथि, निविदा प्रक्रिया एवं अन्य चरणों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







