
कटनी। कटनी जिले में पुलिस अभिरक्षा से तीन आरोपियों के फरार होने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, बहोरीबंद थाने से जिला जेल कटनी लाए जा रहे तीन आरोपी जेल में दाखिल होने से पहले ही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम बहोरीबंद पुलिस 151 के तहत कार्रवाई के बाद राकेश, रंजीत और अभिषेक नामक तीन आरोपियों को जिला जेल कटनी दाखिल कराने पहुंची थी। इसी दौरान जेल परिसर के बाहर आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को चकमा दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। सूत्रों के अनुसार, फरार हुए तीन आरोपियों में से एक को पुलिस ने दोबारा पकड़ लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
इस संबंध में स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल इस घटना ने पुलिस की अभिरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।






