
कटनी/विजयराघवगढ़। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना विजयराघवगढ़ परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमल मौर्य ने की बैठक में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, नायब तहसीलदार सुनील श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के अधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, शांति समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मोहर्रम पर्व के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजिया जुलूस की व्यवस्थाओं, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित नागरिकों से सुझाव प्राप्त कर आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर एएसपी कमल मौर्य ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान आगामी वर्षा ऋतु एवं आपदा प्रबंधन को लेकर भी चर्चा की गई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने नागरिकों को जलभराव एवं बाढ़ जैसी परिस्थितियों में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नदी-नालों पर पानी होने की स्थिति में सड़क पार करने का प्रयास न करें। इसके अलावा वर्षा ऋतु में बढ़ने वाले सर्पदंश के मामलों से बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी भी दी गई। लोगों से अपील की गई कि सर्पदंश की घटना होने पर किसी प्रकार के अंधविश्वास में न पड़ें और तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार शुरू कराएं।






