
नरसिंहपुर। जिले के गाडरवारा शहर में किसानों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर दिखाई दिया। कृषि जवाहर उपज मंडी में मूंग की फसल के कम दाम लगाए जाने से नाराज किसानों ने मंडी के सामने मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर दिया।
किसानों का आरोप है कि सरकार द्वारा मूंग का समर्थन मूल्य 8 हजार रुपये प्रति क्विंटल से अधिक निर्धारित किया गया है, लेकिन मंडी में व्यापारी केवल 6 से 7 हजार रुपये प्रति क्विंटल की बोली लगा रहे हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आक्रोशित किसानों ने मंडी के बाहर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम किसानों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल मंडी परिसर के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और किसान उचित मूल्य मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
नरसिंहपुर से शरद नेमा की रिपोर्ट






