“कटनी पुलिस को मिले 41 नए सिपाही, SP अभिनय विश्वकर्मा ने सौंपे नियुक्ति पत्र” 

कटनी।कटनी पुलिस विभाग में आज उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 41 नव नियुक्त आरक्षकों को औपचारिक रूप से नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही युवा आरक्षकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनके परिजनों में भी गर्व का माहौल नजर आया पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपे।

इस अवसर पर उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए पुलिस सेवा के महत्व और जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि आरक्षक पद पुलिस संगठन की रीढ़ होता है। कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण करने और आमजन में सुरक्षा का भाव स्थापित करने में आरक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने नव आरक्षकों से ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

एसपी ने बताया कि मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित आरक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई। लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षण, मेडिकल परीक्षण और चरित्र सत्यापन किया गया।

शारीरिक दक्षता परीक्षण में 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी गतिविधियां शामिल थीं। वहीं मेडिकल बोर्ड की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। सभी चरणों में सफल पाए गए अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कटनी पुलिस परिवार में शामिल हुए 41 नव नियुक्त आरक्षकों ने पुलिस सेवा के माध्यम से समाज और देश की सेवा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी नव आरक्षकों को उनके उज्ज्वल और गौरवपूर्ण पुलिस जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कटनी पुलिस को मिले ये 41 नए जवान आने वाले समय में जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही इन युवाओं का पुलिस सेवा का नया सफर शुरू हो गया है।

Leave a Comment