
कटनी। जिले से फोर्टीफाइड चावल से भरे ट्रकों के गायब होने का मामला सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का जांच दल गठित कर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी।
खाद्य मंत्री ने अपर मुख्य सचिव खाद्य के.सी. गुप्ता को निर्देशित किया है कि सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी निष्पक्षता और गंभीरता से की जाए, ताकि मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि फोर्टीफाइड चावल के परिवहन के दौरान आखिर कहां चूक हुई और ट्रकों के गायब होने के पीछे किन लोगों की भूमिका रही। यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या परिवहनकर्ता की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्यान्न प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कटनी से गायब हुए फोर्टीफाइड चावल से भरे ट्रकों का आखिर क्या हुआ? जांच दल की रिपोर्ट में कौन-कौन जिम्मेदार सामने आते हैं और इस मामले में क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।






