
कटनी। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने संत कंवरराम वार्ड में 24 लाख 35 हजार रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक सार्वजनिक शौचालय कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। क्षेत्रीय पार्षद गोविंद चावला एवं वार्डवासियों की मौजूदगी में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस सुविधा का स्वागत किया। इस सार्वजनिक शौचालय के शुरू होने से वार्ड के रहवासियों, महिलाओं, राहगीरों और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक शौचालय की सुविधा मिल सकेगी।
नागरिक सुविधाओं को लेकर महापौर ने जताई प्रतिबद्धता
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के किसी भी वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी न रहे। स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति देकर धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कटनी को स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के मामले में अग्रणी बनाने के लिए नगर निगम की पूरी टीम प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
पार्षद ने जताया महापौर और नगर निगम का आभार
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद गोविंद चावला ने वार्ड में विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महापौर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालय कॉम्प्लेक्स का निर्माण वार्डवासियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, उमेद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, चमनलाल आनंद, सौरभ अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और वार्डवासी मौजूद रहे।









