“खितौली में शासकीय जमीन पर होम स्टे निर्माण का आरोप! बालिका छात्रावास की सुरक्षा पर उठे सवाल, तहसीलदार के आदेश पर अमल का इंतजार”

 

कटनी। जिले के ग्राम खितौली में बालिका छात्रावास के समीप शासकीय भूमि पर होम स्टे बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि पेट्रोल पंप संचालक कपिल देव गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश गुप्ता एवं उनके पिता रामशंकर गुप्ता के नाम से इस भूमि पर होम स्टे का निर्माण कराया गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि जिस जमीन पर निर्माण हुआ है, वह शासकीय भूमि है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में तहसीलदार बरही द्वारा पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर कपिल देव गुप्ता के नाम नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में 15 दिवस के भीतर संबंधित भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आदेश का पालन नहीं होने पर राजस्व विभाग द्वारा कब्जा हटाने और सामग्री जब्त करने की कार्रवाई का उल्लेख किया गया है।

 

लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब राजस्व विभाग द्वारा नोटिस जारी कर दिया गया है, तो आखिरकार इस आदेश का पालन कब कराया जाएगा? क्या शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन अगली कार्रवाई करेगा या मामला केवल कागजी आदेश तक सीमित रह जाएगा?

बालिका छात्रावास के समीप गतिविधियों से छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता

इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू बालिका छात्रावास की सुरक्षा का है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि होम स्टे में आने वाले कुछ सैलानियों द्वारा कथित तौर पर शराब के नशे में रातभर हंगामा और उपद्रव किया जाता है। ऐसे में छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।

लोगों का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि समय रहते प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

जिला कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला कलेक्टर से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही तहसीलदार बरही द्वारा जारी नोटिस और आदेश का नियमानुसार पालन सुनिश्चित कराने की अपील की है।

लोगों की प्रमुख मांग है कि शासकीय भूमि की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार अतिक्रमण हटाया जाए, बालिका छात्रावास की सुरक्षा के लिए पुलिस एवं प्रशासन आवश्यक व्यवस्था करे और होम स्टे के साथ संचालित खुले ढाबे में आने-जाने वाले लोगों तथा वहां होने वाली गतिविधियों की भी जांच कराई जाए।

इसके अलावा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर सार्वजनिक उपयोग एवं मवेशियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग भी उठाई गई है। यदि जारी आदेश का पालन कराने में लापरवाही हुई है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय करने की मांग की गई है।

अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर निगाहें

ग्राम खितौली का यह मामला अब कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या तहसीलदार बरही द्वारा जारी नोटिस के बाद शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा? क्या बालिका छात्रावास के आसपास की गतिविधियों की जांच होगी? और सबसे महत्वपूर्ण, छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन कब ठोस कदम उठाएगा?

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING