
कटनी। शहर के सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों में शामिल रेलवे स्टेशन के बाहर इन दिनों शराब दुकान के आसपास फैली अव्यवस्थाएं आम नागरिकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। शराब दुकान के आसपास कथित अवैध चखना दुकानों का जमावड़ा, खुलेआम पानी पाउच और डिस्पोजल की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और चारों तरफ फैली गंदगी ने पुलिस प्रशासन, नगर निगम और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हैरानी की बात यह है कि रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त इलाके में शराब दुकान के बाहर कुछ लोग खुलेआम बैठकर शराब का सेवन करते नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नशे की हालत में कुछ युवाओं के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सार्वजनिक स्थल पर शराबखोरी और उससे पैदा होने वाली अव्यवस्थाओं को लेकर चिंता बढ़ा रहा है। स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि जब पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ धारा 185 के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है और जगह–जगह चेकिंग पॉइंट लगाए जा रहे हैं, तो फिर शराब दुकानों के आसपास सार्वजनिक रूप से शराब पीने वालों और कथित अवैध चखना दुकानों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कब होगी?
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में शराब दुकानों के साथ संचालित होने वाले अहातों पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद शहर की कई शराब दुकानों के आसपास लोग बैठकर शराब का सेवन करते दिखाई देते हैं। ऐसे में सवाल यह भी है कि संबंधित शराब दुकानदारों को क्या जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई हिदायत दी जा रही है?
यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नजर नहीं आ रही? रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों, महिलाओं और परिवारों को ऐसे माहौल से असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। वहीं आसपास फैले डिस्पोजल और अन्य कचरे से स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस प्रशासन, आबकारी विभाग और नगर निगम इस मामले को गंभीरता से लेंगे? क्या रेलवे स्टेशन के बाहर सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और कथित अवैध चखना दुकानों पर कार्रवाई होगी या फिर जिम्मेदार विभागों की नजरों के सामने ही यह अव्यवस्था जारी रहेगी?










