“निगमायुक्त का एक्शन मोड: सड़क पर उतरीं तपस्या परिहार, गंदगी और अतिक्रमण पर सख्त चेतावनी”

 

कटनी (29 अप्रैल) — शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार देर शाम मुख्य स्टेशन मार्ग क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और बाजार क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए व्यापारियों से सीधे संवाद किया।

निगमायुक्त ने साफ कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें नागरिकों और व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने दुकानदारों से सफाई व्यवस्था और कचरा संग्रहण को लेकर जानकारी ली। व्यापारियों ने बताया कि क्षेत्र में नियमित सफाई होती है और कचरा वाहन दिन में दो बार आते हैं। इस पर निगमायुक्त ने सभी से अपील की कि कचरा केवल निर्धारित वाहनों में ही दें।

राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में गंदगी मिलने पर चाय, पान और नाश्ते की दुकानों को तत्काल सफाई सुधारने, डस्टबिन रखने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं शराब दुकान के बाहर गंदगी मिलने पर चालानी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

दिलबहार चौक और अन्य क्षेत्रों में दुकानदारों को दुकान के अंदर ही बर्तन धोने, निर्धारित सीमा में सामग्री रखने और यातायात में बाधा न डालने की सख्त हिदायत दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास भंडारे और प्रसाद वितरण से प्रभावित यातायात और सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने मंदिर समिति से चर्चा कर समाधान निकालने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

साथ ही क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत, नाली कवरिंग, सड़क पर सेंटर लाइन और कॉर्नर लाइन खिंचवाने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और नो पार्किंग जोन में साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।

निगमायुक्त तपस्या परिहार ने नागरिकों और व्यापारियों से “मेरा बाजार-स्वच्छ बाजार” अभियान के तहत शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। फिलहाल साफ है कि कटनी में स्वच्छता और व्यवस्था को लेकर अब सख्ती लगातार बढ़ने वाली है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING