“कटनी में शुरू हुई जनगणना 2027 की तैयारी: 30 अप्रैल तक घर बैठे भरें अपनी जानकारी, निगमायुक्त की अपील”

कटनी, 16 अप्रैल —कटनी नगर निगम की आयुक्त एवं प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी सुश्री तपस्या परिहार (आईएएस) ने शहरवासियों से जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो देश की विकास योजनाओं की नींव तय करता है।

निगमायुक्त ने बताया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस बार नागरिकों को “सेल्फ एन्यूमरेशन” यानी स्व-गणना की सुविधा दी गई है, जिसके तहत वे घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

इसके लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in⁠� पर जाकर लॉगिन करना होगा। सबसे पहले राज्य का चयन, कैप्चा एंट्री और फिर घर का पंजीकरण करना होगा, जिसमें मकान मालिक का नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी (ऐच्छिक) भरनी होगी।

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही मकान का पंजीकरण संभव होगा और पंजीकरण के बाद मकान मालिक का नाम बदला नहीं जा सकेगा।

आगे की प्रक्रिया में भाषा चयन और ओटीपी वेरिफिकेशन होगा। इसके बाद जिला, पिनकोड, गांव या कस्बे की जानकारी भरनी होगी। नागरिकों को मानचित्र पर अपने घर की सही लोकेशन भी मार्क करनी होगी।

इसके पश्चात हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस की प्रश्नावली भरनी होगी। सभी जानकारी भरने के बाद फाइनल सबमिट करते ही डेटा लॉक हो जाएगा और उसमें कोई बदलाव संभव नहीं होगा।

सबमिट करने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की एक विशेष डिजिटल एसई आईडी प्राप्त होगी, जो ‘H’ अक्षर से शुरू होगी। यह आईडी एसएमएस और ईमेल के माध्यम से भेजी जाएगी।

निगमायुक्त ने निगम के अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे जनजागरूकता बढ़ाएं और अधिक से अधिक लोगों को इस डिजिटल जनगणना प्रक्रिया से जोड़ें।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING