
कटनी। जिले में फोर्टीफाइड चावल की गुमशुदगी का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर कराई गई जांच के बाद मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार पार्टनरों के खिलाफ रंगनाथ नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम ने इस परिवहनकर्ता फर्म को कटनी जिले में परिवहन कार्य के लिए प्रतिबंधित कर दिया है।
दरअसल, फोर्टीफाइड चावल के परिवहन में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है। जांच में खुलासा हुआ कि 31 ट्रकों में लदे कुल 10 हजार 797.18 क्विंटल चावल को निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचाया गया। इन ट्रकों में चावल के 21 हजार 765 बोरे लोड थे। आरोप है कि हरदा, नीमच और इंदौर भेजे जाने वाले इस चावल की अफरातफरी की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने जांच दल गठित किया था। जांच में परिवहनकर्ता फर्म द्वारा निर्धारित स्थानों पर चावल की डिलीवरी नहीं करने के साथ ही फर्जी डिलीवरी चालान तैयार कर उनकी पावती कार्यालय में प्रस्तुत करने की अनियमितता सामने आई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत सिंह ठाकुर ने रंगनाथ नगर थाने में फर्म के चार पार्टनरों दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 316(5), 338, 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं इस कार्रवाई के साथ ही मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल के प्रबंध संचालक ने मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को कटनी जिले के परिवहन कार्य से प्रतिबंधित कर दिया है।
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में इस फर्म को एलआरटी सामान्य सहलोडिंग, अनलोडिंग, तौल और स्टेकिंग कार्य के लिए निर्धारित एसओआर पर परिवहन अनुबंध दिया गया था। इसी अनुबंध के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए चावल का परिवहन किया जा रहा था।
फिलहाल, 31 ट्रकों में भेजे गए हजारों क्विंटल चावल की डिलीवरी में सामने आई गड़बड़ी और फर्जी चालानों के मामले में पुलिस जांच जारी है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में आगे और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।






