
कटनी ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपना दम दिखाया है। संभाग स्तरीय विभागीय अधिकारी-कर्मचारी क्रिकेट प्रतियोगिता में कटनी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिवनी को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है… और खास बात ये कि कटनी लगातार दूसरे साल चैंपियन बना है।
जबलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में जिला शिक्षा अधिकारी कटनी राजेश अग्रहरी के निर्देशन और जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप डांगीवाल के मार्गदर्शन में कटनी की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
टीम के कप्तान शेखर पाठक के नेतृत्व में कटनी ने पहले सेमीफाइनल में नरसिंहपुर को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में कटनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 123 रनों का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया।
सलामी बल्लेबाज आशीष राठौड़ ने शानदार 61 रन बनाए, जबकि कप्तान शेखर पाठक ने 26 रनों की अहम पारी खेली। सौरभ ने भी 25 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिवनी की टीम दबाव में नजर आई और 15 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 110 रन ही बना सकी।
कटनी की ओर से सौरभ ने 3 विकेट झटके, जबकि मनोज, रामनरेश और राकेश ने 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर और खेल अधिकारियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। टीम के कोच प्रमोद डहेरिया रहे।
कटनी की इस शानदार जीत पर जिले के प्राचार्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों ने टीम को बधाई दी है और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।







