“वसूली में लापरवाही पर निगम का बड़ा एक्शन, दो सहायक राजस्व निरीक्षक निलंबित’

कटनी नगर निगम में बकाया करों की वसूली में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विशेष वसूली शिविर के दौरान कार्य में उदासीनता और लापरवाही पाए जाने पर नगर निगम के दो सहायक राजस्व निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के तहत की गई है।

निगमायुक्त तपस्या परिहार ने सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के अंतर्गत सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष बिरहा और अजय निगम को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय जोन क्रमांक 1, बस स्टैंड ऑडिटोरियम नगर निगम कटनी निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि शासन द्वारा आयोजित विशेष वसूली शिविर की उच्च स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही थी। इसी दौरान पाया गया कि संबंधित दोनों राजस्व कर्मचारियों ने अपने-अपने वार्डों में एक भी वसूली रसीद जारी नहीं की। इस संबंध में उन्हें कई बार समीक्षा बैठकों में चेतावनी दी गई थी।

इसके बावजूद कार्य में सुधार नहीं होने पर 12 जनवरी को कार्यालयीन पत्र के माध्यम से दोनों को चेतावनी पत्र भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बाद भी वसूली कार्य में कोई प्रगति नहीं लाई गई। लगातार लापरवाही और उदासीनता सामने आने पर निगमायुक्त ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING