“मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कटनी आगमन की तैयारी तेज, अधिकारियों की लगाई गई जिम्मेदारियां” 

newsvoiceofindia/

कटनी में 14 मार्च को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। सभी अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और अतिरिक्त सीईओ अनुराग मोदी को कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेटिंग के लिए बांस-बल्लियों की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन यंत्री पवनसुत गुप्ता, जनपद पंचायत बड़वारा की सीईओ प्रभा तेकाम और बरही के मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामशिरोमणि त्रिपाठी को हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड, चलित शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई तथा फायर सेफ्टी प्रमाण पत्र की व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया को सौंपी गई है, जो हेलीपैड पर कारकेड वाहन, बुलेटप्रूफ वाहन, वीआईपी सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और रोड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे।

लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री शारदा सिंह और पीआईयू के कार्यपालन यंत्री उदल सिंह उईके हेलीपैड स्थल पर बैरिकेटिंग, सेफहाउस, शौचालय, प्रतीक्षालय, मंच, पंडाल और सड़कों की मरम्मत सहित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम की व्यवस्था देखेंगे।

संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र कुमार पटेल, जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, महिला सशक्तिकरण अधिकारी वनश्री कुर्वेती और तहसीलदार ढीमरखेड़ा नितिन कुमार पटेल को मंच पर विशिष्ट अतिथियों की बैठक व्यवस्था और मंचीय कार्यक्रम की जिम्मेदारी दी गई है।

डिप्टी कलेक्टर विंकी उईके हेलीपैड स्थल पर ज्ञापन और आवेदन एकत्रित करेंगी। वहीं एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी वीआईपी वाहनों और कारकेड की व्यवस्था, सर्किट हाउस में कमरों के आरक्षण और अतिथि सत्कार का कार्य देखेंगे।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी और ओमप्रकाश साहू वीवीआईपी और क्रू मेंबर को दिए जाने वाले भोजन और नाश्ते के नमूनों की जांच करेंगे। विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री डी.एन. चौकीकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।

आपात स्थिति में चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस, हेल्थ कैंप और वीवीआईपी चिकित्सा व्यवस्था की जिम्मेदारी सिविल सर्जन यशवंत वर्मा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह को दी गई है।

इसके अलावा डीसीसी कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी जिला प्रबंधक लोक सेवा दिनेश विश्वकर्मा और नापतौल निरीक्षक माजिद खान संभालेंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए गुलदस्ता और फूल-मालाओं की व्यवस्था ग्रामीण स्वास्थ्य यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री जितेंद्र कुमार गुप्ता और एनआरएलएम की परियोजना अधिकारी शबाना बेगम करेंगी।

जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम पायलट और क्रू मेंबर के सत्कार की व्यवस्था संभालेंगी। वहीं माइक, साउंड सिस्टम और विद्युत उपकरणों की टेस्टिंग तथा सुरक्षा प्रमाण पत्र की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की अनुविभागीय अधिकारी मानसी सिंह और विद्युत सुरक्षा की सहायक यंत्री ज्योति यादव को दी गई है।

परिवहन व्यवस्था और वाहनों की फिटनेस की जिम्मेदारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल को सौंपी गई है, जबकि जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह वीआईपी के लिए भोजन, नाश्ता और पेयजल की व्यवस्था करेंगे।

कार्यक्रम का मंच संचालन डाइट व्याख्याता राजेंद्र असाटी करेंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभा पांडेय कन्या पूजन, दीप प्रज्वलन और रंगोली की व्यवस्था देखेंगी, जबकि श्रम पदाधिकारी के.बी. मिश्रा हितलाभ वितरण के लिए हितग्राहियों की सूची तैयार करेंगे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING