
जबलपुर से एक अच्छी खबर सामने आई है, जहां सिहोरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बड़ी सौगात मिली है। अब रीवा–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी जंक्शन एक्सप्रेस और शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस ट्रेनों का सिहोरा स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया है। इस नई रेल सुविधा का शुभारंभ 7 मार्च को एक गरिमामय समारोह के साथ किया गया।
यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा सिहोरा रेलवे स्टेशन पर तीन महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की शुरुआत की गई। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जबलपुर लोकसभा सांसद आशीष दुबे, पाटन विधायक अजय बिश्नोई, सिहोरा विधायक संतोष वरकड़े और बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे ने रेल प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रेनों के ठहराव से सिहोरा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलेगी समारोह के दौरान सांसद आशीष दुबे ने स्टेशन परिसर में हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों के ठहराव का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे और क्षेत्र को मिली इस नई सुविधा पर खुशी जाहिर की रेल प्रशासन के अनुसार 7 मार्च 2026 से इन ट्रेनों का सिहोरा स्टेशन पर दोनों दिशाओं में दो मिनट का ठहराव शुरू किया गया है। रीवा से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी जंक्शन जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का सिहोरा में आगमन रात 8 बजकर 8 मिनट पर होगा, जबकि इतवारी से रीवा जाने वाली ट्रेन का आगमन सुबह 4 बजकर 22 मिनट पर होगा वहीं शहडोल से नागपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 8 बजकर 3 मिनट पर सिहोरा पहुंचेगी, जबकि नागपुर से शहडोल जाने वाली ट्रेन शाम 5 बजकर 22 मिनट पर सिहोरा स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस ठहराव से सिहोरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और रेलवे के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे फिलहाल सिहोरा स्टेशन पर इन ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है और इसे लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के रूप में देखा जा रहा है।





