“टैक्स वसूली का स्पेशल अभियान, बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश बकाया नहीं चुकाने वालों पर कुर्की और नल कनेक्शन काटने की तैयारी”

कटनी। होली का पर्व बीत चुका है और वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब केवल 25 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में अधिकतम राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के लिए कटनी नगर निगम ने विशेष कर वसूली अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम की टीमें अब हर वार्ड में घर-घर जाकर बकायेदारों से संपर्क करेंगी और बकाया कर जमा कराने की कार्रवाई तेज की जाएगी।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शुक्रवार को राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा बैठक ली बैठक के दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वसूली के कार्य में तेजी लाई जाए और प्रतिदिन बकायेदारों से संपर्क कर अधिक से अधिक कर वसूली सुनिश्चित की जाए।
बैठक में निगमायुक्त ने 0 से 5 हजार, 5 हजार से 10 हजार, 10 हजार से 25 हजार और 25 हजार से 1 लाख रुपये तक के बकायेदारों की सूची की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से बड़े बकायेदारों पर ध्यान केंद्रित करने और उनसे लगातार संपर्क कर बकाया राशि निगम कोष में जमा कराने के निर्देश दिए इस दौरान निगमायुक्त ने जलकर की अपेक्षाकृत कम वसूली पर नाराजगी भी व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि जलकर और संपत्ति कर की टीमें संयुक्त रूप से पीओएस मशीन के साथ फील्ड में कार्य करें, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर दोनों कर जमा करने की सुविधा मिल सके और वसूली भी तेज हो निगमायुक्त तपस्या परिहार ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन करदाताओं द्वारा रिमाइंडर और नोटिस दिए जाने के बावजूद बकाया कर का भुगतान नहीं किया जा रहा है, उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया जाए। इसके बाद भी यदि भुगतान नहीं किया जाता है तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई और नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।

उन्होंने वसूली कार्य में लगे कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक वसूली कर्ता को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बकाया वसूली सुनिश्चित करनी होगी, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा बैठक के दौरान निगमायुक्त ने संपदा शाखा, बाजार शाखा और ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे विकास कार्यों तथा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने और विकास कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए संपदा शाखा की समीक्षा के दौरान निगम संपत्तियों के प्रबंधन, किराया वसूली और रिक्त दुकानों के आवंटन की स्थिति की जानकारी ली गई और राजस्व बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए वहीं बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई, अतिक्रमण नियंत्रण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, उप राजस्व अधिकारी सागर नायक, राजस्व निरीक्षक मुकेश राजपूत, प्रकाश पांडेय, विनोद सिंह चौहान, राजकुमार प्यासी, लवकुश तिवारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर निगम की इस कार्रवाई से अब साफ है कि वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में बकाया कर वसूली को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING