
कटनी।अवैध शराब के कारोबार पर माधवनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़ी तस्करी को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर हीरा ढाबा के पीछे से एक स्विफ्ट डिजायर कार को पकड़ा, जिसमें भारी मात्रा में देशी मसाला शराब ले जाई जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 फरवरी 2026 की रात करीब 08 बजकर 40 मिनट पर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुलवारा स्थित हीरा ढाबा के पीछे से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने सिल्वर ग्रे रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 21 CB 2116 को रोककर तलाशी ली। कार के अंदर खाखी रंग के 24 कार्टून रखे हुए थे, जिनमें कुल 1200 पाव देशी मसाला शराब, प्रत्येक पाव 180 एमएल, बरामद की गई।
जब्त की गई अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है, वहीं इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये है। इस तरह कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 8 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से कार चालक अंकुश राठौर और उसके एक अन्य साथी को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। यह प्रकरण 02 फरवरी 2026 की रात 00:48 बजे दर्ज किया गया।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यह अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






