“महिला कर्मचारी से अनैतिक संबंध बनाने का दबाव! शिकायत के बाद प्राचार्य हटाए गए, पीड़िता बोली- “यह सिर्फ खानापूर्ति”

कटनी। जिले के रीठी स्थित सांदीपनि शासकीय विद्यालय के प्राचार्य हेमराज कारपेंटर को महिला कर्मचारी की गंभीर शिकायत के बाद पद से हटा दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) राजेश अग्रहरी ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राचार्य को बहोरीबंद उत्कृष्ट विद्यालय में अटैच कर दिया है। वहीं विद्यालय का प्रभार राम मनोज साहू को सौंपा गया है।

हालांकि पीड़िता इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। उसका कहना है कि यह केवल “खानापूर्ति” है और आरोपी को तत्काल सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए।

4 मई को दर्ज कराई थी शिकायत

रीठी के सांदीपनि शासकीय विद्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारी ने 4 मई को कटनी कलेक्टरेट और एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्राचार्य हेमराज कारपेंटर लगातार उन पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे और मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना दे रहे थे।

मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था। शिकायत के बाद जांच के आदेश जारी किए गए थे।

14 दिन बाद हुई विभागीय कार्रवाई

लगभग दो सप्ताह बाद सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी ने जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की। आदेश जारी कर आरोपी प्राचार्य को रीठी से हटाकर बहोरीबंद उत्कृष्ट विद्यालय में अटैच कर दिया गया।

विद्यालय संचालन प्रभावित न हो, इसके लिए नया प्रभार राम मनोज साहू को सौंपा गया है।

पीड़िता के अनुसार,

“जिस तरह का घिनौना कृत्य किया गया है, उसके लिए सिर्फ अटैचमेंट जैसी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। आरोपी को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।”

उसने यह भी कहा कि यदि एक महिला कर्मचारी के साथ ऐसा व्यवहार किया जा सकता है, तो भविष्य में छात्राओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई जरूरी है ताकि दोबारा इस तरह की घटनाएं न हों।

शासकीय विद्यालय के जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों और कार्रवाई में हुई देरी को लेकर क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त और उदाहरण पेश करने वाली कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि शिक्षा संस्थानों में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING