धान से लदे ट्रक–बोलेरो की भिड़ंत, बोलेरो में सरकारी धान मिलने से मचा हड़कंप, बोलेरो सवार फरार

कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब धान से लदे एक ट्रक और बोलेरो जीप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा केवल सड़क दुर्घटना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मौके से मिले सरकारी धान ने अवैध परिवहन को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे के बाद बोलेरो सवार फरार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, हादसे के तुरंत बाद बोलेरो में सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जब ग्रामीणों ने वाहन की जांच की, तो बोलेरो के अंदर 3 से 4 बोरी सरकारी धान लदी हुई मिली। धान की मौजूदगी और सवारों के फरार होने से मामला पूरी तरह संदिग्ध नजर आ रहा है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम
घटना से आक्रोशित ट्रक चालक और स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी धान का अवैध परिवहन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे हुए हैं। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

 

पुलिस जांच में जुटी, फरार आरोपियों की तलाश

सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने बोलेरो वाहन में मिली धान की बोरियों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार बोलेरो सवारों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धान सरकारी है या नहीं, और इसे कहां से लाया गया तथा कहां ले जाया जा रहा था। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING