
कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 7 जून 2026 को अखिल भारतीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ एवं मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. गणेशन ने की, जबकि मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मुख्य महासचिव महेंद्र शर्मा के नेतृत्व में देशभर से कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इनमें 8वें वेतन आयोग में ग्रुप-डी कर्मचारियों के वेतन में 40 प्रतिशत वृद्धि, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, श्रम विरोधी कानूनों की वापसी, ग्रुप-डी पदों पर सीधी भर्ती, आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा-ऊषा कार्यकर्ता, कोटवार एवं रसोइया बहनों को न्यूनतम 30 हजार रुपये मासिक वेतन तथा 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके दैनिक वेतनभोगी एवं अंशकालीन कर्मचारियों के नियमितीकरण जैसी मांगें शामिल रहीं।
कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री, भारत सरकार के नाम सौंपा। कार्यक्रम का संचालन संघ के प्रांतीय महामंत्री अजय दुबे ने किया।
धरना-प्रदर्शन में अखिल भारतीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारी दर्शन सिंह लाभाना, रामराज्य दुबे, बी.एम. नटराजन, वेंकट राजू, सुरेश यादव और सुधीर भार्गव सहित मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के रामकुंडल सेन, कमलेश पटेल, विपिन पिपरे, पूर्णेश उइके, नरेश सिंह कुलस्ते, डी.आर. वाघमारे, वैद्यनाथन अय्यर, ओमप्रकाश, देवेंद्र पटेल, प्रेम नारायण ठाकुर, धर्मेंद्र राज, हरीश बेन, शैलेन्द्र अहिरवार सहित विभिन्न राज्यों और जिलों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।








