
कटनी। क्षेत्र की जर्जर सड़कों और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को अनोखे अंदाज में सामने आया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कैमोर-कटनी मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले देवरी-मझगवां मार्ग पर स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने सड़क के बीच बने गहरे गड्ढों में ‘बेशर्म’ के पौधे रोपकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
हादसों का कारण बनी सड़क
ग्रामीणों का कहना है कि देवरी-मझगवां मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अधिकारियों को दिखाया आईना
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी एवं अधिवक्ता ब्रह्ममूर्ति तिवारी ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।
उन्होंने कहा, “जब अधिकारी हमारी जायज मांगों के प्रति इतने बेशर्म हो गए हैं, तो हमने भी गड्ढों में ‘बेशर्म’ के पौधे लगाकर उन्हें उनकी जिम्मेदारी याद दिलाने का प्रयास किया है।”
नारेबाजी के साथ दी चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क के गड्ढों की मरम्मत कर मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया, तो भविष्य में चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
अब विभाग की प्रतिक्रिया पर नजर
गड्ढों में पौधे लगाकर किए गए इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। अब देखना यह होगा कि लोक निर्माण विभाग इस संदेश को गंभीरता से लेकर सड़क सुधार की दिशा में कदम उठाता है या फिर जनता को बदहाल सड़क पर सफर करने के लिए मजबूर रहना








