
कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र में एक युवक पर धारदार हथियार से किए गए जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना को आठ दिन बीत जाने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से आहत पीड़ित ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित धन्नू चौधरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी कुठला थाना क्षेत्र ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती आवेदन में बताया कि 1 जनवरी को एक मामूली विवाद के बाद उन पर घात लगाकर हमला किया गया। आरोप है कि रामसुजान चौधरी और राजेश चौधरी ने धारदार हथियार ‘बांके’ से उन पर ताबड़तोड़ वार किए हमले में धन्नू चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़ित का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने कुठला थाना पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बावजूद न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। पीड़ित ने आशंका जताई है कि पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना
इस मामले में कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने देरी का कारण बताते हुए कहा कि पीड़ित का उपचार अस्पताल में चल रहा था, जिससे प्रक्रिया में समय लगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
SP कार्यालय में शिकायत स्थानीय थाने से संतुष्ट न होने पर पीड़ित धन्नू चौधरी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
अब सवाल यह है। क्या पीड़ित को समय पर न्याय मिलेगा? और क्या आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी?
नज़रें अब पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई पर टिकी हैं।






