
कटनी।कटनी जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसडीएम कार्यालय कटनी के सभाकक्ष में खंड स्तरीय मजिस्ट्रेट एवं पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, सुरक्षा और निगरानी से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशीष तिवारी के निर्देशानुसार अमोनियम नाइट्रेट नियम 2012 एवं विस्फोटक नियम 2008 के तहत स्वीकृत अमोनियम स्टोर हाउस और विस्फोटक भंडारण मैगजीनों की जांच को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तहसील और थाना स्तर पर गठित विशेष दल अनुज्ञप्त परिसरों का भौतिक सत्यापन कर शीघ्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करें, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान जिले की कानून एवं शांति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रशासन ने आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 129 के तहत प्रकरण तैयार कर शीघ्र बाउंड-ओवर की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश शर्मा सहित अनुविभाग कटनी के तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं विभिन्न थाना प्रभारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।






