“साड़ियों में छिपाकर ला रहे थे गांजा, एनकेजे पुलिस ने 15 किलो नशे की खेप पकड़ी” 

newsvoiceofindia/

कटनी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनकेजे थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो ऐसे शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो साड़ियों की पैकिंग के अंदर गांजा छिपाकर तस्करी कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 किलो 730 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 59 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और एएसपी संतोष डेहरिया व डीएसपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत की टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान डीजल शेड के पीछे हिरवारा कच्ची रोड पर दो संदिग्ध युवक बैग लेकर जाते दिखाई दिए।

पुलिस वाहन को देखते ही दोनों युवक घबराकर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। जब बैग की तलाशी ली गई तो ऊपर साड़ियों की पैकिंग दिखाई दी। लेकिन अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई साड़ियों के भीतर बड़ी सफाई से गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। एक बैग से 8 और दूसरे बैग से 7 पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह अवैध खेप छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से लेकर आए थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी भजिया थाना नोहटा जिला दमोह और दीपक लोधी उम्र 23 वर्ष निवासी बिलाई बेली थाना हिन्होरिया जिला दमोह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत, उपनिरीक्षक नरेश झारिया, सहायक उपनिरीक्षक केवल उइके, प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन, आरक्षक विजय राणा, सुजीत रजक, ओम शिव तिवारी सहित साइबर सेल और आरपीएफ की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

“बायपास पर बड़ा सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस और डंफर में जोरदार टक्कर, 50 से ज्यादा यात्री बाल-बाल बचे…पंसौरा ग्राम पंचायत के पास देर रात हुआ हादसा, बस का हिस्सा क्षतिग्रस्त, सभी यात्री सुरक्षित” 

SANSKRITIIAS , IAS COACHING