
कटनी। न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया
रीवा। विश्व हिंदू परिषद महाकौशल प्रांत की दो दिवसीय प्रांत बैठक रीवा जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के बीते छह महीनों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के अंतिम सत्र में संगठनात्मक सुदृढ़ता की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कटनी जिले में निवासरत राहुल दुबे को बजरंग दल महाकौशल प्रांत का सह संयोजक नियुक्त किया गया। इस घोषणा के साथ ही पूरे प्रांत के कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि राहुल दुबे कटनी जिले के एक छोटे से ग्राम से संगठन यात्रा प्रारंभ कर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल में विभिन्न दायित्वों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। उन्होंने क्रमशः खंड, प्रखंड, नगर और जिला संयोजक के रूप में कार्य किया तथा इसके पश्चात जिला मंत्री के रूप में दो वर्षों तक प्रभावी नेतृत्व प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर संगठन के प्रति विश्वास को सशक्त किया।
राहुल दुबे के कार्यकौशल, संगठनात्मक सूझ-बूझ और निरंतर सक्रियता को देखते हुए प्रांतीय शीर्ष नेतृत्व ने उन पर पूर्ण विश्वास जताते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। जिला मंत्री रहते हुए उन्होंने नेतृत्व, शिक्षा एवं कौशल विकास को निरंतर प्रोत्साहित किया और समाज हितों से जुड़े मुद्दों पर दृढ़ प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
उनकी नियुक्ति पर महाकौशल प्रांत सहित कटनी जिले के सभी कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में संगठनात्मक विस्तार और समाज हित से जुड़े कार्य और अधिक प्रभावी एवं सशक्त होंगे।





