
कटनी में एक शिकायत को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। जिस शिकायत के आधार पर कार्रवाई की चर्चा थी, अब उसी शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर दावा किया है कि शिकायत में बताई गई घटना हुई ही नहीं थी। ऐसे में अब पूरे मामले पर कई कानूनी सवाल खड़े हो गए हैं।
कटनी के शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में कहा है कि 22 जुलाई 2026 को उनके द्वारा की गई शिकायत असत्य, भ्रामक और गलत जानकारी के आधार पर दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा वास्तविक तथ्यों की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्वयं आवेदन देकर अनुरोध किया है कि उनकी पूर्व शिकायत को निरस्त माना जाए और उस पर किसी भी प्रकार की आगे की कार्रवाई न की जाए।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों के भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ न्यायालय की शरण लेने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
हालांकि, शिकायत वापस लेने के बावजूद संबंधित मामले में पुलिस के अधीनस्थ अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की चर्चा भी सामने आ रही है। यदि शिकायतकर्ता के अनुसार घटना हुई ही नहीं थी, तो इस कार्रवाई को लेकर कई प्रश्न उठ रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस विभाग की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अब सभी की निगाहें पुलिस के आधिकारिक बयान और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।






