
राष्ट्रीय राजनीति
दिल्ली। न्यूज़वॉइस ऑफ इंडिया। भारतीय जनता पार्टी में एक बार फिर संगठनात्मक स्तर पर चौंकाने वाला फैसला सामने आया है। पार्टी ने बिहार सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री और वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस अहम जिम्मेदारी के साथ नितिन नबीन पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक ढांचे में और मजबूत भूमिका निभाएंगे।
नितिन नबीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं। वे पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं। वर्तमान में वे बिहार सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री के पद पर कार्यरत हैं। सामाजिक पृष्ठभूमि की बात करें तो वे कायस्थ समुदाय के भारतीय राजनीतिज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता है, और संगठन में उनकी जमीनी पकड़ को पार्टी नेतृत्व अहम मानता है।
राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के लिहाज से भी नितिन नबीन का कद बड़ा माना जाता है। वे इससे पहले छत्तीसगढ़ राज्य के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं, जहां उनके संगठनात्मक कौशल की सराहना हुई थी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन को मिली यह जिम्मेदारी केवल वर्तमान भूमिका तक सीमित नहीं मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि आने वाले समय में बीजेपी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर भी पार्टी नेतृत्व उन पर भरोसा जता सकता है।
कुल मिलाकर, नितिन नबीन की नियुक्ति को बीजेपी की रणनीतिक संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की नेतृत्व तैयारी के रूप में देखा जा रहा है, जिसका असर आगामी राजनीतिक समीकरणों पर भी साफ नजर आ सकता है।






