कटनी से रीवा तक शराब तस्करी का खुलासा — दो युवतियां ट्रेन से पकड़ी गईं, 175 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त

कटनी/रीवा। रेलवे मार्ग से शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। कटनी से खरीदी गई भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब रीवा की दो युवतियों के जरिए ट्रेन से ले जाई जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सतना जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम ने मझगवां स्टेशन पर छापेमारी करते हुए दोनों युवतियों को गिरफ्तार किया है।

टीम ने राजस्थान के सोगरिया से बिहार के दानापुर जा रही स्पेशल ट्रेन के एसी-2 कोच (H-1) में जांच की। इस दौरान बर्थ नंबर 8 और 9 पर बैठी दोनों युवतियों के बैग से 175 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 36,750 रुपए आंकी गई है।

पूछताछ में दोनों युवतियों ने बताया कि यह शराब की खेप कटनी से खरीदी गई थी और इसे प्रयागराज तक पहुंचाना था। पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क कटनी और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय शराब तस्करों से जुड़ा हो सकता है।

गिरफ्तार युवतियों की उम्र क्रमशः 23 और 24 वर्ष बताई गई है। एक युवती रीवा शहर की निवासी है, जबकि दूसरी गोविंदगढ़ क्षेत्र की रहने वाली है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र यादव और जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राय ने किया। रेलवे मार्ग से शराब तस्करी की सूचना पर जीआरपी पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद और आरपीएफ कमांडेंट मुनव्वर खान ने पूरे रूट पर सघन जांच के निर्देश दिए थे।

दोनों युवतियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें 5-5 हजार रुपए के मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। वहीं पुलिस अब कटनी में सक्रिय शराब सप्लायरों और इस रैकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

 

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING